बमनौसी गांव मैं चोक नालियों से सड़कों पर फैला कीचड़, मच्छर बीमारियों का बढ़ा खतरा।
ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
उझानी-बदांयू 7 अगस्त।
विकास खंड कादरचौक की ग्राम पंचायत बमनौसी में विभागीय लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। नालियों में मलबा जमा होने से नाले-नालियां चोक हो गई हैं। नतीजन गांव की गलियों और आम रास्तों पर कीचड़ भरा गंदा पानी जमा हो गया है।
पानी निकासी के स्थानों पर अब जंगली घास और गांजा तक उग आया है। इससे गांव का गंदा पानी बाहर नहीं निकल पा रहा और जगह-जगह ठहराव बन गया है। नालियों से उठ रही बदबू के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। गंदगी में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे गांव में बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के सफाईकर्मियों की ड्यूटी कावड़ क्षेत्र में लगा दी गई है। इसी वजह से गांव की सफाई ठप है। विभागीय कर्मचारी सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रहे हैं और ग्रामीणों को गुमराह कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि अगर जल्द सफाई नहीं हुई तो गांव में डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां फैल सकती हैं। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
इस दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सत्यवीर सिंह यादव, सुखबीर यादव, अमरपाल, रामनाथ सिंह, संजीव देव यादव, लालू यादव, शमशेर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
