बदायूं: वैगनआर की टक्कर से घायल ई-रिक्शा चालक की रास्ते में मौत, परिजनों में कोहराम।
बिल्सी बदांयू 6 अगस्त।
मुजरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की गुरुवार सुबह बरेली ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा मुजरिया चौराहे स्थित कछला रोड पर हुआ था। सगराय गांव निवासी रामकुमार (70) पुत्र बनवारी लाल बुधवार को खाद लेने मुजरिया आए थे और ई-रिक्शा से वापस घर लौट रहे थे। ई-रिक्शा में गांव के ही छात्र गोपाल पुत्र आनंद और अंकित पुत्र प्रेमपाल भी बैठे थे।
चौराहे के पास सामने से आई तेज रफ्तार वैगनआर कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दोनों छात्रों को मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसवान पहुंचाया।
सहसवान में डॉक्टरों ने रामकुमार की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां भी हालत में सुधार न होने परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद जिला अस्पताल से उन्हें बरेली रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही रामकुमार ने दम तोड़ दिया।
रामकुमार खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार में शोक का माहौल है।
प्रभारी निरीक्षक विदेश शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
