सहसवान : कांवड़ यात्रा को लेकर चिकन-मटन की दुकानों पर पुलिस का चला हंटर
सहसवान (बदायूं)। कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए सहसवान कोतवाली पुलिस ने सोमवार को चिकन एवं मटन की दुकानों पर अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने खुली मिली दुकानों पर पहुंचकर मीट विक्रेताओं को फटकार लगाई और तत्काल दुकानें बंद कराईं।
बताया जाता है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद कुछ दुकानदार मीट की बिक्री कर रहे थे। इसकी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा की अवधि तक कोई भी मीट की दुकान खुली नहीं मिलनी चाहिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी दुकान के खुलने या मीट बिक्री की शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के मीट विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने सभी व्यापारियों से शासन के निर्देशों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
