बदायूं: घर में घुसने से रोका तो पुलिस से भिड़े लोग, महिला सिपाही घायल, 6 पर मुकदमा।
सिविल लाइंस क्षेत्र के मिशन इंग्लिश स्कूल गेट के पास हुआ हंगामा।
बदांयू 4 अगस्त।
घर में प्रवेश को लेकर हुए विवाद में पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। सरकारी काम में बाधा डालने के साथ महिला सिपाही से मारपीट भी की गई, जिसमें वह घायल हो गईं। पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराकर 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मामला सोमवार देर रात सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित मिशन इंग्लिश स्कूल के गेट का है। यहां स्कूल परिसर में रहने वाली शोभा फ्रांसिस को कुछ लोग घर में घुसने नहीं दे रहे थे। सूचना पर पीआरवी के जरिए पुलिस को जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही दरोगा दिनेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि रितिक बैलिग्टन पुत्र सुनील उर्फ गुड्डू, शीतल बैलिग्टन पत्नी सिद्धार्थ मसीह, मोहिनी पत्नी सुनील, शोइन पुत्र विनीत, अश्विन मैसी पुत्र अनिल और नितिन नहीं माने।
दरोगा के मुताबिक, सभी ने पुलिसकर्मियों को गाली दी, धक्का-मुक्की की और शोभा को घर में नहीं घुसने देने पर अड़ गए। इसी दौरान महिला सिपाही प्रीति कुमारी के साथ मारपीट की गई, जिससे वह चोटिल हो गईं। पुलिस टीम में हेड कांस्टेबल संजय सिंह, सिपाही सौरभ कुमार और चालक रतेश कुमार भी मौजूद थे।
दरोगा ने बताया कि घटना के समय वह कांवड़ ड्यूटी, गश्त और चेकिंग में लगे थे। पीड़ित सिपाही का मेडिकल कराने के बाद आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा, मारपीट और धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कोतवाली पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
