भाकियू टिकैत का सीएमओ कार्यालय के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान, 15 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी
सहसवान। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार एवं सरकारी क्रय केंद्रों की समस्याओं को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। मंगलवार को सहसवान में युवा जिला महासचिव मुजाहिर अली के आवास पर आयोजित पंचायत में किसान नेताओं ने प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने का ऐलान किया।
पंचायत में बताया गया कि 3 अगस्त को भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने जिला अध्यक्ष रामाशंकर शंखधार के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बदायूं को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि जिले में एएनएम के स्थानांतरण में नियमों की अनदेखी की गई है। कई एएनएम वर्षों से एक ही स्थान पर तैनात हैं, जबकि कम अवधि की सेवा वाली एएनएम का स्थानांतरण कर दिया गया, जिससे स्थानांतरण प्रक्रिया में अनियमितताओं की आशंका जताई गई।
किसान नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक एवं कर्मचारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात हैं और कुछ चिकित्सकों के निजी अस्पताल संचालित करने की शिकायतें भी सामने आई हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
भाकियू नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा के बाद सीएमओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा 6 अगस्त को सहसवान में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा एवं प्रदेश संगठन मंत्री जयवीर सिंह यादव की मौजूदगी में पदाधिकारियों की बैठक आयोजित होगी, जिसमें स्वास्थ्य विभाग एवं किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर रणनीति बनाई जाएगी।
पंचायत में जिला प्रभारी झाझन सिंह, जिला महासचिव नरेंद्र सक्सेना, युवा जिला अध्यक्ष अमरपाल सिंह यादव, बरेली मंडल युवा सचिव पप्पू यादव, जिला उपाध्यक्ष सोपाली सिंह यादव, नगर अध्यक्ष हारून, तहसील अध्यक्ष रण सिंह, तहसील अध्यक्ष अलका यादव, ब्लॉक उपाध्यक्ष सतीश कश्यप, मीडिया प्रभारी मुसर्रत अली, नगर अध्यक्ष समीम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
