8:31 pm Thursday , 6 August 2026
BREAKING NEWS

झांसी- माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत

झांसी-
माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान की सड़क हादसे में मौत, भाई से मिलने जा रहा था।

माफिया से राजनेता बने अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे 21 वर्षीय अबान की गुरुवार को भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा झांसी से करीब 70 किमी पहले पूंछ थाना क्षेत्र में सुबह 10.30 बजे हुआ। अबान अपने बड़े भाई अली से मिलने प्रयागराज से झांसी जेल जा रहा था।

जानकारी के अनुसार अबान क्रेटा कार से 4 दोस्तों के साथ जा रहा था। तेज रफ्तार कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार करीब 7 फीट हवा में उछल गई और 40 फीट तक कार के टुकड़े हाईवे पर बिखर गए। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। अबान समेत सभी 5 लोग कार के अंदर फंस गए।

चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकाला। हादसे में आगे की सीट पर बैठे अबान और उसके दोस्त सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अन्य 3 घायल उमर अहमद, मोहम्मद जैद और एहजाम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घायल अवस्था में अबान के आखिरी शब्द थे – “मुझे बचा लो…”

प्रत्यक्षदर्शी दीपक ने बताया कि हाईवे पर अचानक एक बछड़ा आ गया था। उसे बचाने के लिए ड्राइवर ने कार को लेफ्ट साइड मोड़ा। इसी दौरान सामने से बाइक सवार आ गया तो ड्राइवर ने दोबारा कार लेफ्ट की तरफ घुमा दी और कार डिवाइडर से जा टकराई।

अतीक अहमद के 5 बेटे थे। अबान सबसे छोटा था। 2023 में बेटा असद झांसी में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था। अब तीन बेटे बचे हैं। बड़ा बेटा उमर लखनऊ जेल में, दूसरा बेटा अली झांसी जेल में बंद है। अबान से बड़ा अहमद अभी ग्रेजुएशन कर रहा है और वह झांसी पहुंच गया है।

गौरतलब है कि फरवरी 2023 में प्रयागराज में वकील उमेश पाल की हत्या हुई थी। इस मामले में अतीक और उसके भाई अशरफ को पेशी के लिए लाया गया था। 15 अप्रैल 2023 को पुलिस कस्टडी में अतीक और अशरफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

विज्ञापन एक्सप्रेस