6:19 pm Wednesday , 5 August 2026
BREAKING NEWS

सांसद धर्मेंद्र यादव ने संसद में उठाया राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित चंदा घोटाले का मुद्दा

नियम 377 के तहत केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

नई दिल्ली/बदायूं। समाजवादी पार्टी के नेता, मुख्य सचेतक, लोक लेखा समिति के सदस्य एवं बदायूं सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट से जुड़े कथित चंदा घोटाले का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2019 के फैसले के बाद केंद्र सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए एक ट्रस्ट का गठन किया था, जिसे मंदिर निर्माण, भूमि खरीद, प्रबंधन तथा दान-दक्षिणा से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

धर्मेंद्र यादव ने सदन में कहा कि हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्टों में मंदिर से जुड़े हजारों करोड़ रुपये के कथित चंदा घोटाले का दावा किया गया है। उन्होंने केंद्र सरकार से पूछा कि यदि ट्रस्ट में केंद्र और राज्य सरकार के प्रतिनिधि शामिल हैं, तो इस कथित मामले की जिम्मेदारी किसकी है।

सांसद ने यह भी कहा कि यदि ऐसे आरोप सही पाए जाते हैं तो इससे देश-विदेश में करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की स्थिति स्पष्ट की जाए, दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा बताया जाए कि उन्हें कब तक सजा दिलाई जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस