11 वर्षीय गुमशुदा बालक की तलाश में जनसहयोग की अपील, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने मांगी मदद
बदायूं, 04 अगस्त। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं ने मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के अनुरोध पर 11 वर्षीय गुमशुदा बालक अर्पित विश्वकर्मा की तलाश में जनसहयोग की अपील की है।
प्राधिकरण के सचिव ने बताया कि अर्पित विश्वकर्मा (11 वर्ष), पुत्र महेश विश्वकर्मा, निवासी ग्राम पटपरा, थाना कमरजी, जनपद सीधी (मध्य प्रदेश), 20 मई 2026 से लापता है। मामले में थाना कमरजी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के अंतर्गत अपराध संख्या 155/2026 दर्ज है। स्थानीय पुलिस द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बावजूद अब तक बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने सभी राज्यों के विधिक सेवा प्राधिकरणों से बालक की खोज में सहयोग का अनुरोध किया है। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बदायूं ने भी जनपदवासियों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को अर्पित विश्वकर्मा के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय या निकटतम पुलिस थाने को सूचित करें, ताकि आवश्यक विधिक एवं पुलिस कार्रवाई की जा सके।
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि गुमशुदा बालक की सकुशल बरामदगी के लिए आगे आएं और किसी भी महत्वपूर्ण सूचना को तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
