बदायूं
बिल्सी पुलिस ने चोरी का किया खुलासा: पिता के घर से लाखों के जेवर और नकदी चुराने वाला बेटा गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिल्सी पुलिस ने चोरी की एक चर्चित घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी को चोरी के माल सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के जेवर और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को ग्राम दीननगर शेखपुर निवासी जयपाल सिंह ने अपने घर से एक लाख रुपये नकद तथा सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट थाना बिल्सी में दर्ज कराई थी। इस मामले में मु.अ.सं. 314/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर थाना बिल्सी पुलिस ने दीननगर मार्ग स्थित नाई पिण्डरी तिराहे के पास से अरविन्द उर्फ हिमांशु पुत्र जयपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी किए गए चार सोने के कंगन, सोने की चेन, हार, नथ, अंगूठी, चांदी की तगड़ी, चांदी का सिक्का तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 18/19 जुलाई की रात अपने ही पिता के घर से नकदी और जेवर चोरी किए थे तथा बुधवार को उन्हें बेचने जा रहा था। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए गलती मान ली।
गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।
बरामद सामान में शामिल हैं: चार सोने के कंगन, सोने की चेन, हार, नथ, अंगूठी, चांदी की तगड़ी, चांदी का सिक्का तथा 10 हजार रुपये नकद।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह एवं कांस्टेबल संजीव कुमार, थाना बिल्सी शामिल रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
