सीडीओ गामिनी सिंगला ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की, आयुष्मान कार्ड व जननी सुरक्षा योजना की प्रगति तेज करने के निर्देश
बदायूं। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती गामिनी सिंगला (आईएएस) ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत ने बताया कि विशेष अभियान के तहत विभिन्न श्रेणियों के पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं। पिछले सात दिनों में 9,079 आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। समीक्षा के दौरान कादरचौक, उसहैत एवं वजीरगंज विकास खंडों में प्रगति संतोषजनक न मिलने पर सीडीओ ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्र की लाभार्थियों को ₹1,400 तथा शहरी क्षेत्र की लाभार्थियों को ₹1,000 की सहायता राशि का लगभग 75 प्रतिशत ऑनलाइन भुगतान किया जा चुका है। वहीं अम्बियापुर, उसहैत एवं इस्लामनगर ब्लॉकों में भुगतान 70 प्रतिशत से कम पाए जाने पर सीडीओ ने अगली समीक्षा बैठक से पहले इसे कम से कम 75 प्रतिशत तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
बैठक में नियमित टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को अद्यतन ड्यू-लिस्ट तैयार कर सभी बच्चों का पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने के निर्देश दिए। साथ ही परिवार नियोजन कार्यक्रम के अंतर्गत महिला नसबंदी की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा टीबी रोगियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि समय से उनके बैंक खातों में भेजने के लिए जिला क्षयरोग अधिकारी को निर्देशित किया गया।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास शर्मा, नोडल अधिकारी आयुष्मान भारत डॉ. राजवीर गंगवार, नोडल अधिकारी (परिवार नियोजन) डॉ. निरंजन सिंह, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मोहम्मद असलम, जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. विनेश कुमार, ब्लॉकों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, डीपीएम, डीसीपीएम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
