बदायूं, 3 अगस्त। शहर के मोहल्ला टिकटगंज में बकाया ऋण की वसूली के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बंधक मकान को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान मजिस्ट्रेट, बैंक अधिकारी, भारी पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहे। घटना को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, यह मकान शहर के कपड़ा व्यापारी का बताया जा रहा है, बताया गया कि व्यापारी ने कई वर्ष पूर्व बैंक से लगभग 50 लाख रुपये का ऋण लेने के लिए अपना मकान बंधक रखा था। बैंक द्वारा समय-समय पर ऋण अदायगी के लिए नोटिस जारी किए गए। अंतिम नोटिस में 31 जुलाई तक बकाया जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा तक भुगतान नहीं किया गया।
सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे बैंक अधिकारियों ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में पुलिस बल के साथ कार्रवाई शुरू की। उस समय व्यापारी अपनी दुकान पर मौजूद बताए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कार्रवाई के दौरान बैंक अधिकारियों ने मुख्य गेट का ताला खुलवाकर मकान में प्रवेश किया। घर में रखे सामान को सुरक्षित स्थान पर रखवाने के बाद आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं और मकान को बैंक के कब्जे में लेकर सील कर दिया गया।
बैंक अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह वैधानिक प्रक्रिया के तहत की गई है। उधारकर्ता को कई अवसर देने के बावजूद ऋण का भुगतान न होने पर बैंक को संपत्ति पर कब्जा लेने की कार्रवाई करनी पड़ी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
