5:19 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

जॉनसन एंड जॉनसन बेबी पाउडर विवाद: 76 हजार कैंसर दावों के निपटारे को ₹52 हजार करोड़ का समझौता

नई दिल्ली। दुनिया की प्रमुख हेल्थकेयर कंपनी Johnson & Johnson (J&J) ने अपने टैल्क (Talc) आधारित बेबी पाउडर से जुड़े कैंसर दावों के निपटारे के लिए करीब 5.5 अरब डॉलर (लगभग ₹52 हजार करोड़) के समझौते का प्रस्ताव दिया है। यह समझौता अमेरिका में दर्ज लगभग 76 हजार मुकदमों को समाप्त करने के उद्देश्य से किया गया है।

इन मुकदमों में आरोप लगाया गया है कि कंपनी के टैल्क आधारित बेबी पाउडर के इस्तेमाल से कुछ महिलाओं में ओवेरियन (अंडाशय) कैंसर हुआ। हालांकि, Johnson & Johnson ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है। कंपनी का कहना है कि उसके उत्पाद सुरक्षित हैं और यह समझौता केवल लंबे समय से चल रहे कानूनी विवाद को समाप्त करने के लिए किया जा रहा है।

समझौते के प्रभावी होने के लिए कम से कम 95% दावेदारों की सहमति आवश्यक होगी। यदि पर्याप्त संख्या में दावेदार सहमत होते हैं, तो यह अमेरिका के सबसे बड़े उत्पाद-दायित्व (Product Liability) समझौतों में से एक माना जाएगा।

इससे पहले कंपनी अमेरिका और अन्य देशों में टैल्क आधारित बेबी पाउडर की बिक्री बंद कर चुकी है और अब कॉर्नस्टार्च आधारित बेबी पाउडर बेचती है। कंपनी लगातार यह दावा करती रही है कि उसके उत्पादों और कैंसर के बीच कोई वैज्ञानिक रूप से सिद्ध संबंध नहीं है।

विज्ञापन एक्सप्रेस