9:10 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बिनावर – ब्यौर गांव में बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या, आरोपी फरार

बिनावर के ब्यौर गांव में बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या, आरोपी फरार

सिलहरी/बदायूं। थाना बिनावर क्षेत्र के गांव ब्यौर में शुक्रवार शाम रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। पैसों के विवाद में एक युवक ने अपने ही पिता की कथित रूप से कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राधेलाल (60) की उनके पुत्र अहिवरन ने अपने एक रिश्तेदार राकेश उर्फ नन्हे की मदद से घर में कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी पर स्वयं सहायता समूह के लगभग ₹35 हजार बकाया थे। शुक्रवार को समूह के सदस्य रुपये की वसूली के लिए उसके घर पहुंचे थे, लेकिन भुगतान नहीं हो सका।

बताया जाता है कि इसके बाद आरोपी ने अपने पिता से रुपये मांगे। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। शाम को आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में घर लौटा और फिर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उसने घर में रखी कुल्हाड़ी से पिता की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया।

वारदात की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर थाना बिनावर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रभारी निरीक्षक अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त होने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

रिपोर्ट: पी.एस. पटेल, सिलहरी

विज्ञापन एक्सप्रेस