12:09 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

शहनाइयों पर ब्रेक, अब 20 नवंबर के बाद ही सजेंगे मंडप

उझानी, बदायूं 15 जुलाई।

जिन घरों में शादी-ब्याह की तैयारी चल रही है उनके लिए अलर्ट है। जुलाई का दूसरा पखवाड़ा इस साल का आखिरी मौका है।

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 15 जुलाई से गुरु अस्त हो रहे हैं और 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के साथ ही चतुर्मास शुरू हो जाएगा। इसके बाद चार महीने तक मांगलिक कार्यों पर रोक रहेगी। यानी 25 जुलाई के बाद शहनाइयां सीधे देवोत्थान एकादशी 20 नवंबर को ही गूंजेंगी।

ज्योतिषाचार्यों का कहना है कि गुरु 12 अगस्त को उदय तो होंगे, लेकिन भगवान विष्णु के शयन में चले जाने के कारण विवाह के द्वार बंद रहेंगे। चतुर्मास में पूजा-पाठ, व्रत और दान का विशेष महत्व है।

20 नवंबर देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के जागते ही विवाह के मुहूर्त खुल जाएंगे। इसके बाद नवंबर के आखिरी हफ्ते से उझानी में फिर से बैंड-बाजे और बारातों की धूम दिखेगी। लेकिन 16 दिसंबर से खरमास लगते ही एक बार फिर मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा।

2026 के बचे हुए विवाह मुहूर्त
नवंबर: 21, 24, 25, 26
दिसंबर: 2, 3, 4, 5, 6, 11, 12

अगर तारीख फाइनल नहीं हुई है तो 25 जुलाई तक निपटा लीजिए। वरना अब इंतजार नवंबर का ही करना पड़ेगा।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस