बदायूं, 17 जुलाई। आगामी श्रावण माह एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद में विशेष जांच अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में चार टीमों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
टीमों ने रसूलपुर से नवादा, नवादा से मेडिकल कॉलेज तथा मेडिकल कॉलेज से कछला घाट तक दोनों ओर स्थित ढाबों, होटलों, रेस्टोरेंट, स्थायी एवं अस्थायी स्टॉल तथा पंडालों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप से संबंधित साइनेज लगाए गए, ताकि श्रद्धालु संबंधित प्रतिष्ठान की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। विभाग ने सभी संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र को प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करें तथा खाद्य पदार्थों की मूल्य सूची (रेट लिस्ट) भी अनिवार्य रूप से लगाएं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर मीट, मछली और अंडे की बिक्री बंद रखने के निर्देश भी दिए हैं।
खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा विशेष नमूना अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दूध, घी, क्रीम, तैयार सब्जी, खाद्य तेल, मसाले, मिठाइयों और ग्रीन चिली सॉस सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए जा रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार 1 जुलाई से 17 जुलाई 2026 के बीच जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 25 खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

