।
पिछले साल की तुलना में दोगुना पुलिस बल तैनात, 50 KM मार्ग पर QRT और PAC की गश्त।
बदायूं 16 जुलाई ।
सावन माह में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है। इस वर्ष यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
करीब 50 किलोमीटर लंबे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा के लिए 15 इंस्पेक्टर, 350 उपनिरीक्षक, 6 महिला उपनिरीक्षक, 450 सिपाही, 150 होमगार्ड, 6 क्विक रिस्पांस टीम (QRT), 2 प्लाटून PAC और 1 प्लाटून फ्लड PAC तैनात रहेगी। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए गैर जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।
सावन माह में बदायूं के अलावा बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर और लखीमपुर खीरी सहित कई जिलों से कांवड़िए कछला गंगा घाट पर गंगाजल लेने पहुंचते हैं। जल भरने के बाद श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। ऐसे में कछला घाट से लेकर पूरे कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है।
एसपी सिटी अभिषेक सिंह के नेतृत्व में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे मार्ग को चिन्हित कर प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की योजना है।
आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे क्रॉसिंग के पास 2, कछला गंगा घाट पर 1 और उझानी क्षेत्र में 1 क्रेन तैनात रहेगी। QRT और PAC की टीमें पूरे मार्ग पर लगातार गश्त करेंगी। रात में बेहतर रोशनी के लिए प्रमुख चौराहों पर 8 हाईमास्ट लाइटें भी लगाई जाएंगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

