बदायूं
8 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के आरोपी को वजीरगंज पुलिस ने 48 घंटे में दबोचा, मेडिकल रिपोर्ट के बाद बढ़ीं गंभीर धाराएं
केशव गुप्ता
बदायूँ। जनपद के वजीरगंज थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने मामले में गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की और आरोपी को 48 घंटे के भीतर दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 को पीड़िता के पिता राजू शाक्य की तहरीर पर थाना वजीरगंज में आरोपी निजाकत पुत्र सैयद अली निवासी कस्बा सैदपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान 9 जुलाई को मेडिकल रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर पहले से दर्ज धाराओं में संशोधन करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2)/76 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(m)/6 बढ़ाई गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम गठित की गई। अभियान के दौरान थाना वजीरगंज पुलिस ने नंदवारी रोड से वांछित आरोपी निजाकत (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उम्मेद सिंह पोसवाल, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह, कांस्टेबल प्रिंस चौधरी, कांस्टेबल सचिन कसाना सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

