





उझानी स्टेशन पर बनेगा फुटओवर ब्रिज, कासगंज-ऐशबाग ट्रेन का समय भी बदलेगा।
उझानी-बदांयू 8 जुलाई।
केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा व विधायक हरीश शाक्य ने बुधवार को बितरौई रेलवे स्टेशन पर नवनिर्मित रैक प्वाइंट का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जनकल्याणकारी कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
केन्द्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि इस रैक प्वाइंट के शुरू होने से क्षेत्र के व्यापार, उद्योग और किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। माल ढुलाई की सुविधाएं बढ़ने से स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
उझानी रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर भी केंद्रीय मंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज की मंजूरी मिल चुकी है और इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
इसके अलावा लंबे समय से लंबित कासगंज-ऐशबाग ट्रेन की समय-सारिणी में भी जल्द बदलाव किया जाएगा, ताकि यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
केंद्रीय मंत्री वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य रेलवे सुविधाओं का विस्तार कर यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य, नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल बंटी,चेयरमैन जगदीश चौहान, व्यापारी नेता राजकुमार बंसल, अजय गर्ग,विजय कुमार गर्ग, किशनचंद्र शर्मा, संजीव गुप्ता,रोहिताश्व गुप्ता,धर्मवीर यादव, अमित अग्रवाल,चंदन वार्ष्णेय,शिव भारद्वाज, शंकर गुप्ता, सुखपाल वर्मा सहित रेलवे अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

