धड़ाम से नीचे गिरा जर्जर तार, अफरा-तफरी मची! सेफ्टी इंतजामों पर उठे सवाल
बिसौली ( बदायूं) बिसौली विद्युत वितरण उपखंड तृतीय कार्यालय के मुख्य गेट के ठीक सामने सोमवार को उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार तेज धमाके और फॉल्ट की आवाज के साथ अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। हादसे के वक्त कार्यालय में उपभोक्ताओं की आवाजाही जारी थी और आसपास की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ मौजूद थी। तार गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। गनीमत रही कि कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा जानलेवा हादसा हो सकता था।
हादसे की सूचना मिलते ही विद्युत वितरण उपखंड तृतीय कार्यालय में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी दौड़कर मौके पर पहुंचे। तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई गई और क्षतिग्रस्त तार को हटाकर मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया। समय रहते सप्लाई बंद होने से स्थिति पर काबू पा लिया गया और संभावित बड़ा नुकसान टल गया।
इस घटना ने बिजली विभाग की लापरवाही और हाईटेंशन लाइनों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जर्जर तार लंबे समय से खतरा बने हुए थे, बावजूद इसके समय रहते उन्हें बदला नहीं गया। वहीं तार के नीचे कोई सुरक्षा जाल या अन्य सुरक्षात्मक व्यवस्था भी नहीं थी। लोगों का कहना है कि यदि हादसा कुछ सेकेंड पहले या बाद में होता, तो कई लोगों की जान जा सकती थी। अब लोग पूरे क्षेत्र की हाईटेंशन लाइनों की जांच और जर्जर तारों को तत्काल बदलने की मांग कर रहे हैं।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

