टोल शुरू होते ही गंगा एक्सप्रेसवे पर घटे वाहन, वीकेंड में लौट रही रफ्तार।
मुफ्त सफर खत्म होते ही 18 हजार से 12 हजार पर पहुंचा ट्रैफिक, शनि-रवि को 10% उछाल।
बदांयू 28 जून।
मेरठ से प्रयागराज तक 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल वसूली शुरू होते ही वाहनों की आवाजाही दो-तिहाई रह गई है। उद्घाटन के बाद 15 दिन तक फ्री रहे एक्सप्रेसवे पर रोजाना 18 हजार से ज्यादा वाहन दौड़ रहे थे, जो 16 मई की रात से टोल लागू होने के बाद घटकर औसतन 12 हजार रह गए हैं।
आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर के तकनीकी प्रभारी निलेश कुमार के मुताबिक, शनिवार-रविवार को ट्रैफिक में 10% तक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। वीकेंड पर यह संख्या 13-14 हजार वाहनों तक पहुंच जाती है। आम दिनों में औसतन 12 हजार वाहन ही एक्सप्रेसवे से गुजर रहे हैं।
UPSRTC के अधिकारियों ने बताया कि मेरठ से प्रयागराज तक रोडवेज बसों का संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। मुख्यालय स्तर पर रूट और किराया तय करने पर मंथन चल रहा है। बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी और एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक भी बढ़ेगा।
बदांयू के किसान राकेश मोर्य का कहना है कि एक्सप्रेसवे पूरब-पश्चिम को जोड़ने के साथ संस्कृति का भी संगम कराएगा। अभी शुरुआत होने से यात्रियों को बस सेवा का भरोसा नहीं है। सरकार को अलग-अलग जिलों से बसें चलानी चाहिए, ताकि लोग एक्सप्रेसवे पर बस का इंतजार कर सकें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 29 अप्रैल को हरदोई से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था। पहले 15 दिन टोल फ्री रहने के कारण वाहनों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर थी।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

