बदायूं
सड़क पर फैली सूखी मक्का बनी काल, ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराकर दो बाइक सवारों की दर्दनाक मौत
केशव गुप्ता
बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र के परसिया गांव के पास शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर फैली सूखी मक्का के कारण उनकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और अनियंत्रित होकर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बरेली जिले के सिरौली थाना क्षेत्र के नवापुर निवासी नौशाद (35) पुत्र तिलन और चांद बाबू (35) पुत्र अली अहमद के रूप में हुई है। दोनों बिसौली में एक बारात में बैंड बजाने जा रहे थे और बैंड पार्टी में कार्यरत थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सड़क पर सुखाई गई मक्का के दानों के कारण बाइक फिसल गई। इसके बाद बाइक काफी दूर तक सड़क पर घिसटती हुई गई और ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास हालत में बिसौली पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद अस्पताल और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर मक्का सुखाने की वजह से इस मार्ग पर अक्सर हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़कों पर मक्का सुखाने पर सख्ती से रोक लगाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

