11:37 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली – गन्ना भुगतान में देरी: यदु शुगर मिल के निदेशक समेत 3 पर मुकदमा

गन्ना भुगतान में देरी: यदु शुगर मिल के निदेशक समेत 3 पर मुकदमा।

बदांयू 26 जून।

गन्ना किसानों के बकाया भुगतान में लापरवाही बरतने पर यदु शुगर लिमिटेड,

के निदेशक कुनाल यादव समेत तीन अधिकारियों के खिलाफ बिसौली कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। मिल प्रबंधन पर किसानों के साथ विश्वासघात, धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण के गंभीर आरोप हैं। कुनाल यादव पूर्व सांसद डीपी यादव के बेटे हैं।

यह मुकदमा गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बदायूं के सचिव प्रदीप कुमार वर्मा की तहरीर पर दर्ज हुआ। इसमें निदेशक कुनाल यादव के साथ अध्यासी सुरेश चंद्र जौहरी और इकाई प्रमुख वाईपी सिंह को नामजद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के मुताबिक यदु शुगर मिल ने 21 नवंबर 2025 को पेराई सत्र शुरू किया था। 26 जनवरी 2026 तक मिल ने किसानों से करीब 9.17 लाख कुंतल गन्ना खरीदा, जिसकी कीमत 3607.44 लाख रुपये बनती है।

नियमानुसार गन्ना खरीद के 14 दिन के भीतर भुगतान अनिवार्य है। लेकिन जिला गन्ना अधिकारी समेत विभागीय अधिकारियों के कई नोटिस के बाद भी भुगतान नहीं हुआ।


शिकायत में बताया गया है कि पेराई सत्र 2025-26 का मिल पर अब भी करीब 2195.71 लाख रुपये गन्ना मूल्य और 38.94 लाख रुपये कमीशन बकाया है। भुगतान न होने से किसानों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है और क्षेत्र में भारी असंतोष है।

मिल प्रबंधन द्वारा समय पर भुगतान न करने से किसानों के आर्थिक हित प्रभावित हुए हैं। इसी आधार पर पुलिस ने विश्वासघात, धोखाधड़ी और आर्थिक शोषण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस