वजीरगंज, बदायूं।
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर कस्बे के सरस्वती मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। वजीरगंज संगीत कला केंद्र के बच्चों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने भगवान खाटू श्याम के मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों पर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और पूरे मंदिर परिसर में “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के जयघोष गूंजते रहे।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर के आचार्य सर्वेश्वर मिश्रा ने निर्जला एकादशी का धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व बताते हुए कहा कि यह वर्ष की सबसे पुण्यदायी एकादशियों में से एक मानी जाती है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इस दिन व्रत, दान, सेवा और भगवान विष्णु के स्मरण का विशेष महत्व बताते हुए धर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
भजन संध्या में प्रस्तुत एक से बढ़कर एक श्याम भजनों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम की मधुर संगीतमय प्रस्तुति सुनने के लिए नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अंत में बाबा खाटू श्याम की आरती के साथ सभी भक्तों ने सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

