ग्राम इमलिया के वीरभान सिंह गौतम बने भारतीय नौसेना का हिस्सा, क्षेत्र में खुशी की लहर
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदांयू । सलारपुर ब्लाक क्षेत्र के ग्राम इमलिया के युवा वीरभान सिंह गौतम ने भारतीय नौसेना (इंडियन नेवी) में चयनित होकर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी और गर्व का माहौल है।
वीरभान सिंह गौतम, ग्राम इमलिया निवासी हरीश कुमार आर्य के पुत्र हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर भारतीय नौसेना में अपना स्थान बनाया है। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
वीरभान के चयन की खबर मिलते ही परिवारजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। क्षेत्र के लोगों ने उनकी उपलब्धि को गांव के लिए गौरव का विषय बताया। ग्रामीणों का कहना है कि वीरभान की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें भी देश सेवा के लिए आगे बढ़ने का हौसला देगी।
ग्रामवासियों ने वीरभान सिंह गौतम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। भारतीय नौसेना में चयन के साथ ही वीरभान ने अपने सपने को साकार कर गांव और जनपद का मान बढ़ाया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

