4:49 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

सहसवान में निजी डॉक्टर की कथित लापरवाही से 18 दिन के नवजात की मौत

सहसवान में निजी डॉक्टर की कथित लापरवाही से 18 दिन के नवजात की मौत, ड्रॉप की जगह जबरन खिलाई गोली।

सहसवान (बदायूं) 24 जून 2026।

सहसवान में नगर के पठानटोला स्थित एक निजी क्लीनिक में डॉक्टर की कथित लापरवाही से 18 दिन के मासूम की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर ने ड्रॉप की जगह नवजात को जबरन गोली खिला दी, जो उसके गले में फंस गई और हालत बिगड़ने से मौत हो गई।

मृतक बच्चे की मां के अनुसार वह अपने 18 दिन के शिशु को लेकर इलाज के लिए पठानटोला स्थित डॉक्टर के पास गई थी। उन्होंने डॉक्टर से बच्चे को तरल दवा, यानी ड्रॉप देने का आग्रह किया था। आरोप है कि डॉक्टर ने उनकी बात नहीं सुनी और जबरन बच्चे के मुंह में गोली डाल दी। गोली गले में फंसने से बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बच्चे के माता-पिता डॉक्टर की कथित लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त करते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी रोष है।

पीड़ित परिवार ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य विभाग से लापरवाह डॉक्टरों और क्षेत्र में चल रहे अवैध क्लीनिकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।

इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्रशांत त्यागी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि आज ही संबंधित डॉक्टर को नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में चल रहे सभी अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ जल्द अभियान चलाकर कार्रवाई होगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस