2:18 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली जमीनी विवाद में खूनी संग्राम ! परसेरा में चले ईंट-पत्थर- प्रधान समेत 9 घायल

बिसौली जमीनी विवाद में खूनी संग्राम! परसेरा में चले ईंट-पत्थर, 100 राउंड फायरिंग का दावा, ग्राम प्रधान समेत 9 घायल
बिसौली(बदायूं) जमीन के एक विवाद ने बुधवार को बिसौली कोतवाली क्षेत्र के परसेरा गांव को रणक्षेत्र में तब्दील कर दिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक टकराव में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान न केवल ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चले, बल्कि 100 से अधिक राउंड फायरिंग होने का भी दावा किया है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान धर्मवीर सिंह यादव समेत दोनों पक्षों के करीब नौ लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार, राजस्व विभाग से जुड़े जमीन के एक पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले तीखी नोकझोंक हुई और फिर हालात बेकाबू हो गए। कुछ ही मिनटों में गांव की गलियां चीख-पुकार और अफरा-तफरी से गूंज उठीं। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए, जिससे कई लोग घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद लोगों ने आरोप लगाया कि बवाल के दौरान 100 से ज्यादा राउंड फायरिंग की गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक फायरिंग की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस दावे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई गोली किसी व्यक्ति को लग जाती तो घटना और भी भयावह रूप ले सकती थी।
हंगामे की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान धर्मवीर सिंह यादव मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वह भी बवाल की चपेट में आ गए। उनके अलावा दोनों पक्षों के कई अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को नियंत्रित किया। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परसेरा गांव पहले भी विवादों को लेकर चर्चा में रहा है। फिलहाल पुलिस फायरिंग के दावों समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा कि जमीन के विवाद ने आखिर कितना बखेड़ा खड़ा कर दिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस