6:05 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी पंखा रोड पर लगा महाजाम, राहगीर हुए परेशान

उझानी पंखा रोड पर लगा महाजाम, राहगीर हुए परेशान।

मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से रोजाना जाम, प्रशासन मौन।

उझानी (बदायूं) 24 जून ।

नगर के पंखा रोड पर बुधवार साप्ताहिक बंदी के दिन भी सुबह एक बार फिर भीषण जाम लग गया। मक्का से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और ट्रकों की लंबी कतार के कारण सहकारी समिति चौराहे से एस्सल स्कूल, रामलीला ग्राउंड होते हुए स्टेशन रोड स्थित भूरे हलवाई की दुकान तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रतिदिन सुबह के समय मक्का से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां क्षेत्र के एक गोदाम में अनलोडिंग के लिए पहुंचती हैं। संकरी सड़क होने के कारण पूरा मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। इस दौरान स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों व मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लगभग एक घंटे तक लोग जाम में फंसे रहे।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या कई महीनों से बनी हुई है। सुबह 6 से 10 बजे तक पंखा रोड पर यही स्थिति रहती है। बार-बार शिकायत के बावजूद परिवहन विभाग व कोतवाली पुलिस द्वारा इन ओवरलोड वाहनों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मौके पर यातायात पुलिस की तैनाती भी नहीं रहती।

राहगीर सुनील कुमार ने बताया कि “रोजाना बच्चों को स्कूल छोड़ने में देरी हो जाती है। कई बार जरूरी काम छूट जाते हैं।” वहीं व्यापारी राकेश गुप्ता ने कहा कि “प्रशासन को अनलोडिंग का समय बदलना चाहिए या गोदाम के लिए अलग रास्ता तय करना चाहिए।”

फिलहाल क्षेत्रीय लोगों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि सुबह के समय पंखा रोड पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।


विज्ञापन एक्सप्रेस