8:34 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

फैजगंज बेहटा में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात में मंदिर समेत चार स्थानों पर चोरी

बदायूं

फैजगंज बेहटा में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ही रात में मंदिर समेत चार स्थानों पर चोरी

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। बेखौफ चोरों ने एक ही रात में पूर्व प्रधान के घर, चामुंडा मंदिर सहित चार स्थानों को निशाना बनाकर क्षेत्र में सनसनी फैला दी। चोरी की इन वारदातों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार चोर घरों से भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, चोरों ने गांव के प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर को भी नहीं बख्शा और मंदिर का दानपात्र खंगालकर उसमें रखी नकदी भी पार कर दी।
लगातार हो रही चोरियों से ऐसा प्रतीत होता है कि अपराधियों में न तो पुलिस का कोई खौफ बचा है और न ही धार्मिक आस्था का सम्मान। गौरतलब है कि इससे पहले 19 जून की रात दासपुर गांव में शिव मंदिर समेत चार स्थानों पर बड़ी चोरी की वारदात सामने आई थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि दासपुर में हुई चोरी की घटना में शिव मंदिर को निशाना बनाए जाने की बात को पुलिस ने मुकदमे में शामिल नहीं किया था। अब लगातार सामने आ रही घटनाओं ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा कर चोरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस