उझानी -आधी रात बारात से लौट रहे तीन दोस्तों को ट्रक ने कुचला, एक की मौत, दो जिंदगी-मौत से जंग जारी।
उझानी-बदांयू 23 जून।
खुशियों की बारात से लौट रहे तीन जिगरी दोस्तों की जिंदगी एक पल में मातम में बदल गई। मंगलवार तड़के करीब 3 बजे बरेली-मथुरा हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीनों युवकों को रौंद दिया। हादसे में 19 साल के संजीव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि विनोद और आशीष की हालत नाजुक बनी हुई है।
दातागंज थाना क्षेत्र के गांव बराही सहोरा निवासी संजीव पुत्र अशर्फी (19), विनोद पुत्र राजू (18) और आशीष पुत्र धर्मपाल (19) सोमवार रात कछला में एक बारात में शामिल होने गए थे। नाच-गाने के बाद तीनों दोस्त एक ही बाइक से घर लौट रहे थे।
उझानी कोतवाली क्षेत्र की सिंह हवेली के पास पीछे से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक हवा में उछलकर 20 मीटर दूर जा गिरे। बाइक के परखच्चे उड़ गए।
राहगीरों ने 112 पर सूचना दी। पुलिस ने तीनों को खून से लथपथ हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने संजीव को मृत घोषित कर दिया। सिर और सीने में गंभीर चोट लगने से विनोद और आशीष की सांसें उखड़ रही थीं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बरेली हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इधर, बेटे की मौत की खबर सुनते ही संजीव के घर में कोहराम मच गया। मां बार-बार बेसुध हो रही थी। पिता अशर्फी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा है।
हादसे के बाद ट्रक चालक गाड़ी समेत फरार हो गया। उझानी इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हाईवे और टोल प्लाजा के CCTV फुटेज निकलवाए जा रहे हैं। ट्रक नंबर के आधार पर जल्द गिरफ्तारी होगी।
तड़के हुए हादसे के बाद हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब 30 मिनट बाद पुलिस ने क्रेन से बाइक हटवाकर जाम खुलवाया।
राजेश वार्ष्णेय एमके


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
