उझानी: लोडर ने बाइक में मारी टक्कर, 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर घायल।
एपीएम कॉलेज के पास हादसा, पुलिस ने लोडर कब्जे में लिया; CHC से मेडिकल कॉलेज रेफर।
उझानी, बदायूं 21 जून ।
कछला रोड पर रविवार दोपहर एक तेज रफ्तार लोडर वाहन ने बाइक सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोडर को कब्जे में ले लिया और घायल को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, गुराई गांव निवासी जयवीर (60) पुत्र गंगा सिंह रविवार को उझानी से अपने गांव वापस जा रहे थे। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही वह एपीएम कॉलेज के पास बरामालदेव गांव के समीप पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि जयवीर उछलकर सड़क पर जा गिरे और सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं।
राहगीरों की सूचना पर उझानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोडर वाहन को कब्जे में लेकर घायल जयवीर को एंबुलेंस से सीएचसी उझानी भिजवाया। वहां इमरजेंसी में तैनात चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते ही प्राथमिक उपचार के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं रेफर कर दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि लोडर चालक मौके से फरार हो गया है। लोडर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कछला रोड पर लोडर व डंपर चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस से स्पीड कंट्रोल के लिए चेकिंग अभियान चलाने की मांग की है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

