बदायूं
जनसूचना विवाद में लूट की झूठी कहानी निकली फर्जी, इस्लामनगर पुलिस की जांच में खुला राज
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना इस्लामनगर क्षेत्र में लूट की सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में कथित लूट की घटना पूरी तरह झूठी पाए जाने के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम किसैरा इबादुल्लानगर निवासी खेम सिंह अपने पुत्र अरुण के साथ ग्राम करियामई से रुपये लेकर लौट रहे थे। आरोप लगाया गया कि ग्राम सुराही के पास तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह लोगों ने उन्हें रोककर मारपीट की, तमंचा दिखाकर नकदी लूट ली और फरार हो गए। सूचना में दो आरोपियों की पहचान होने का भी दावा किया गया।
सूचना मिलते ही पीआरवी-7843 और थाना इस्लामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि खेम सिंह का कुलदीप शर्मा, निवासी रुदायन एवं पंडित भगवानदास इंटर कॉलेज के संचालक, से कॉलेज से संबंधित जनसूचना (RTI) मांगने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जिसके बाद वादी ने अपने घर से यूपी-112 पर लूट की झूठी सूचना दे दी।
पुलिस जांच में लूट की घटना पूरी तरह निराधार और फर्जी साबित हुई। साथ ही यह भी स्पष्ट हुआ कि पुलिस को गलत सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास किया गया था।
इस्लामनगर पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के विरुद्ध शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

