गुधनी में 500 पौधों का हुआ निःशुल्क वितरण, आचार्य संजीव रूप के निर्देशन में चला वृहद वृक्षारोपण अभियान
बिल्सी (बदायूं)। तहसील क्षेत्र के ग्राम गुधनी में स्थित आर्य समाज के अंतर्राष्ट्रीय वैदिक विद्वान आचार्य संजीव रूप के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 500 पौधों का निःशुल्क वितरण कर घर-घर तथा खेत-खलिहानों में पौधे लगवाए गए। किसानों ने भी उत्साहपूर्वक इस अभियान में भाग लेते हुए बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया।
आचार्य संजीव रूप ने बताया कि आर्य समाज द्वारा प्रत्येक वर्ष वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में इस वर्ष भी राजकीय नर्सरी से 500 पौधे लाकर ग्रामीणों को निःशुल्क वितरित किए गए। इस अवसर पर राजकीय उद्यान विभाग, बदायूं के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
उन्होंने कहा कि “वृक्ष हमारे सच्चे मित्र हैं। ये केवल छाया ही नहीं देते, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने और मानव जीवन को सुखद बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्ष लगाना जितना आवश्यक है, उनकी वर्षों तक सुरक्षा करना भी उतना ही जरूरी है।”
अभियान के दौरान सहजन, आंवला, अमरूद, नींबू, करौंदा, करहल और जामुन सहित विभिन्न फलदार एवं उपयोगी पौधों का रोपण किया गया।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

