12:09 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: युवक की मौत के बाद नाधा चौकी पर बवाल, आगजनी और पथराव- 5 नामजद समेत 50 पर FIR, 5 गिरफ्तार

बदायूं: युवक की मौत के बाद नाधा चौकी पर बवाल, आगजनी और पथराव।

शव रखकर 6 घंटे जाम, पुलिस पर पेट्रोल फेंका, 5 नामजद समेत 50 पर FIR, 5 गिरफ्तार।

बदांयू 15 जुलाई।

जरीफनगर थाना क्षेत्र के नाधा चौकी के सामने मंगलवार को एक युवक की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। गुस्साए लोगों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस चौकी पर आगजनी व पथराव कर दिया। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को नामजद और 40-50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम करीब 4:45 बजे मृतक हरिओम के शव को सहसवान-नाधा मार्ग पर रखकर जाम कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि कार्रवाई हो। जाम के कारण मुख्य मार्ग लगभग 6 घंटे तक बाधित रहा।

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बावजूद भीड़ नहीं मानी। एफआईआर में बताया गया है कि भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और पुलिसकर्मियों को धमकाया। आरोप है कि मनु सिंह, आकाश उर्फ राकेश, विकास, सचिन और अमित ने अन्य लोगों के साथ मिलकर पेट्रोल से भरी बोतलें मंगवाईं। इसके बाद पुलिस टीम पर पथराव किया गया और चौकी गेट की ओर पेट्रोल फेंककर आग लगा दी गई। आकाश उर्फ राकेश ने खुद पर भी पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।

भीड़ में से कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोहे की रॉड और डंडे निकालकर लाए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान चौकी में रखी मेज, कुर्सियां और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। एक सरकारी वाहन को भी नुकसान पहुंचा।

देर रात करीब 10:45 बजे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराकर यातायात बहाल कराया।

यह रिपोर्ट थाने में तैनात उपनिरीक्षक सेहरपाल मलिक ने दर्ज कराई है। इसमें मनु सिंह पुत्र बिजेंद्र सिंह निवासी ग्राम गुरेर, थाना मैनाठेर, मुरादाबाद, आकाश उर्फ राकेश पुत्र विपिन निवासी ग्राम रसूलपुर, थाना हयातनगर, संभल, विकास पुत्र धर्मपाल सिंह निवासी ग्राम सुनवरी, थाना मैनाठेर, मुरादाबाद, सचिन पुत्र रमेश निवासी थाना इस्लामनगर, बदायूं और अमित पुत्र बाली सिंह निवासी ग्राम माधवपुर, थाना गुन्नौर, संभल सहित 40-50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी के दौरान 2 प्लास्टिक की बोतलों में भरा पेट्रोल, एक लोहे की रॉड और एक डंडा बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी पर सरकारी कार्य में बाधा, सड़क जाम, आमजन की आवाजाही रोकने, पुलिस पर हमला, आगजनी और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस