।
बदांयू 13 जुलाई।
डार्लिंग रोड स्थित प्रमोद फील्ड के सामने एक मेंथा व्यापारी के ड्राइवर को अज्ञात जालसाजों ने 40 हजार रुपये की ठगी का शिकार बना लिया। ठगों ने परिचित बनकर पहले भरोसा जीता, फिर फर्जी मैसेज भेजकर तीन बार में रकम ट्रांसफर करवा ली। इस संबंध में कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
पीड़ित पुष्पेंद्र मेंथा व्यापारी के यहां ड्राइवर हैं। सोमवार को उनके मोबाइल नंबर 9752544798 से एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को पुष्पेंद्र का परिचित “संजय” बताया। उसकी आवाज भी संजय जैसी ही थी।
जालसाज ने बताया कि उसकी भतीजी का एक्सीडेंट हो गया है और वह अस्पताल में भर्ती है। इसके बाद उसने पुष्पेंद्र को दूसरे मोबाइल नंबर 9352972978 पर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि वह पुष्पेंद्र के नंबर पर कैश भेज रहा है।
विश्वास दिलाने के लिए जालसाज ने पहले ₹15,000 और ₹25,000 के फर्जी मैसेज भेजे। इसके बाद पुष्पेंद्र ने बताए गए नंबर पर तीन बार में ₹5,000, ₹10,000 और ₹25,000 ट्रांसफर कर दिए। कुल ₹40,000 का लेनदेन हो चुका था।
इसके बाद जालसाज ने ₹30,000 का एक और फर्जी मैसेज भेजा। जब पुष्पेंद्र ने यह राशि ट्रांसफर करने की कोशिश की तो मोबाइल पर ‘अनफेल्ड’ मैसेज आने लगा। शक होने पर पुष्पेंद्र ने अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो खाते में केवल ₹828 शेष थे। तब उन्हें अहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत सहसवान कोतवाली में दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

