युवती से मारपीट के आरोपियों पर केवल शांतिभंग की कार्रवाई, एफआईआर न होने से उठे सवाल
पीड़िता ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार, आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव दुगरैया में खंभे से बांधकर युवक की पिटाई के मामले में एक नया विवाद सामने आया है। युवक राजेश की पुत्री अंजू, जिसने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी थी, पर भी कथित रूप से हमला कर दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि सरेराह मारपीट कर उसे घायल किया गया, लेकिन पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
बताया जाता है कि पिता राजेश के समर्थन में शिकायत देकर लौट रही अंजू को गांव के कुछ लोगों ने घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चाचा बब्लू को भी लाठी-डंडों से पीट दिया गया। अंबेडकर पार्क के सामने हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए सुभाष पुत्र नेकसू, जितेंद्र पुत्र नेकसू, दीपक पुत्र कृष्णपाल और प्रदीप पुत्र कृष्णपाल निवासी दुगरैया को गिरफ्तार कर बीएनएसएस की धारा 126, 135 व 170 के तहत शांतिभंग की कार्रवाई की। शनिवार को सभी आरोपियों को एसडीएम सदर न्यायालय में पेश किया गया।
हालांकि ग्रामीणों और पीड़ित पक्ष का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, उत्पात और युवती पर हमले जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद पुलिस ने केवल शांतिभंग की कार्रवाई कर मामले को हल्का करने का प्रयास किया है। पीड़िता अंजू ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को प्रार्थना पत्र देकर न्याय और मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है।
थानाध्यक्ष राजेश कौशिक का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
