उझानी -बेटी पैदा होने पर बेसिक शिक्षिका को पति ने पीटा, जान से मारने की धमकी।
वेतन हड़पने के बाद शराबी पति का जुल्म: सिर में चोट, चक्कर आने पर चल रहा इलाज।
उझानी, बदायूं 20 जून।
नगर के बरी बाईपास निवासी बेसिक शिक्षिका मनीषा हंसावत ने शराबी पति के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि पति राहुल ने वेतन लेना बंद करने पर मारपीट की और बेटियां होने के ताने देकर जान से मारने की धमकी दी।
करौली राजस्थान के हुक्मी खेड़ा की रहने वाली 40 वर्षीय मनीषा हंसावत पुत्री विजय सिंह की शादी 2010 में आगरा के उन्देरा निवासी राहुल पुत्र विजेन्द्र सिंह से हुई थी। मनीषा वर्तमान में उझानी में बेसिक शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं और पति व दो बेटियों के साथ बरी बाईपास स्थित मकान में रहती हैं।
तहरीर में मनीषा ने बताया कि वह अपना पूरा वेतन पति राहुल के खाते में ट्रांसफर कर देती थी। पति को शराब की लत लगने पर जब उन्होंने पैसे देने से मना किया तो राहुल आग-बबूला हो गया। गाली-गलौज और मारपीट रोज की बात हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि दो बेटियां होने के कारण पति अक्सर ताना मारता था कि ‘लड़का वंश चलाएगा’। इसी बात पर आए दिन मारपीट करता है। सिर में चोट, सिरदर्द और चक्कर आने की वजह से उनका लगातार इलाज चल रहा है।
15 जून 2026 की रात करीब 11 बजे राहुल शराब पीकर घर आया। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी, जिससे मनीषा के मान-सम्मान को गहरी ठेस पहुंची।
19 जून 2026 को पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक भारती सिंह को सौंप दी है। पीड़िता का मेडिकल कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
राजेश वार्ष्णेय एमके



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
