एक कॉल बनी काल – पत्नी से बात करते ही युवक ने लगा लिया फंदा, परिवार में कोहराम।
इस्लामनगर बदायूं 15 जून।
इस्लामनगर में सोमवार की सुबह दजरामपुर गांव में उस वक्त मातम पसर गया जब 26 वर्षीय सोन सिंह का शव उसके ही कमरे में लटका मिला। परिजनों के मुताबिक, मौत से ठीक पहले युवक की अपने मायके गई पत्नी गुंजन से फोन पर बात हुई थी। कॉल के कुछ देर बाद ही उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
सोन सिंह की पत्नी गुंजन अलीगढ़ जिले के हिन्नोत गांव की निवासी है और कुछ दिन पहले ही मायके गई थी। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे सोन सिंह और गुंजन के बीच फोन पर बातचीत हुई। बात खत्म होने के थोड़ी देर बाद जब घरवालों ने कमरा खोला तो सोन सिंह संदिग्ध हालत में मिला। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। खबर लगते ही पत्नी भी मायके से वापस गांव पहुंच गई।
मृतक सोन सिंह पांच भाइयों में दूसरे नंबर का था। जवान बेटे की अचानक मौत से मां-बाप और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है। परिजन भी किसी रंजिश या विवाद से इनकार कर रहे हैं।
सूचना पर इस्लामनगर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

