बदायूं
कुंवरगांव पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर अपराधी, अवैध तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। अपराध एवं अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुंवरगांव पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
पुलिस के अनुसार थाना कुंवरगांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान बदायूं-आंवला रोड से ग्राम फरीदपुर रोड की ओर करीब 50 कदम की दूरी पर मुल्ला उर्फ शमीउद्दीन पुत्र छुन्नू निवासी ग्राम लाही फरीदपुर, थाना कुंवरगांव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर थाना कुंवरगांव में मु0अ0सं0 90/26, धारा 3/25 (1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट, चोरी, धोखाधड़ी, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

