बिसौली। सड़क हादसे में दरोगा की मौत, दिल्ली ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम! सिपाही की हालत गंभीर
बिसौली (बदायूं) जिले के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में थाना बिसौली में तैनात सब इंस्पेक्टर देवराज सिंह की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल कांस्टेबल अमित चव्हल की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात दरोगा देवराज सिंह और कांस्टेबल अमित चव्हल ड्यूटी पूरी कर बाइक से थाना वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिसौली-बिल्सी मार्ग पर रानेट पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बलेनो कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे और उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मुरादाबाद में उपचार के दौरान उपनिरीक्षक देवराज सिंह की हालत लगातार बिगड़ती गई। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया, लेकिन दिल्ली ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं कांस्टेबल अमित चव्हल का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक उपनिरीक्षक देवराज सिंह जनपद अमरोहा के थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर कला के निवासी थे। उनका जन्म 12 दिसंबर 1967 को हुआ था। वह 1 जनवरी 1987 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे और वर्तमान में थाना बिसौली में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात थे।
करीब 39 वर्षों तक पुलिस विभाग को अपनी सेवाएं देने वाले देवराज सिंह के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। उधर पुलिस ने हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

