बिसौली में तेंदुए की दहशत, CCTV वीडियो वायरल, वन विभाग बोला- “सबूत नहीं मिला”।
बदांयू 13 जून।
बिसोली इस्लामनगर तहसील क्षेत्र के सिठौली और नगला बारह गांव में तेंदुआ जैसे दिखने वाले जानवर का CCTV वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक जानवर सड़क पर तेज रफ्तार से भागता दिख रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस और वन विभाग की टीम हरकत में आ गई।
वन रेंजर मनोज कुमार ने ‘बदायूं एक्सप्रेस ‘को बताया कि कुछ दिन पहले भी इसी तरह की सूचना मिली थी। उस समय भी टीम ने पूरे इलाके की छानबीन की थी, लेकिन किसी जंगली जानवर के पदचिह्न या अन्य साक्ष्य नहीं मिले थे। ताजा सूचना के बाद दोबारा टीम भेजी गई, लेकिन इस बार भी न तो कोई प्रत्यक्षदर्शी मिला और न ही तेंदुए की मौजूदगी का कोई सबूत।
सिठौली निवासी रामवीर सिंह ने बताया, “वीडियो देखने के बाद से बच्चे घर से बाहर नहीं निकल रहे। खेत पर भी लोग झुंड बनाकर जा रहे हैं।” नगला बारह के प्रधान प्रतिनिधि ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

डीएफओ बदायूं ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के वीडियो वायरल न करें। कोई भी जंगली जानवर दिखने पर तुरंत 1926 हेल्पलाइन या 112 नंबर पर सूचना दें। टीम 24 घंटे अलर्ट पर है। फिलहाल इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।
“जांच जारी है, घबराएं नहीं, सतर्क रहें” – वन रेंजर मनोज कुमार।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

