7:24 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

बैंक ऑफ बड़ौदा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक को भावभीनी विदाई

“कर्तव्यनिष्ठा की स्याही से लिखी विदाई की इबारत, बिसौली शाखा हुई भाव-विह्वल”।

“बैंक ऑफ बड़ौदा बिसौली: एक अध्याय समाप्त, स्मृतियों का संसार अमर”।

बिसौली बदांयू 12 जून।

रिश्तों की ऊष्मा जब दायित्वों की मर्यादा से मिलती है, तो विदाई भी उत्सव बन जाती है। कुछ ऐसा ही दृश्य बैंक ऑफ बड़ौदा, बिसौली शाखा परिसर में अवतरित हुआ, जब वरिष्ठ शाखा प्रबंधक सोनू कुमार गुप्ता के पौने तीन वर्ष के यशस्वी कार्यकाल के उपरांत स्थानांतरण पर अश्रुपूरित नेत्रों और करतल ध्वनि के बीच विदाई दी गई।

वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को शाखा के स्वर्णिम काल की संज्ञा देते हुए कहा कि उनकी कार्य-कुशलता की आभा, स्वभाव की सरलता और नेतृत्व की टीम भावना ने बिसौली शाखा को प्रगति के नित नूतन सोपानों तक पहुंचाया। उनकी उपस्थिति मात्र से ही परिसर में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता था, जिसने बैंकिंग सेवाओं को ग्राहक-हित के उत्कर्ष पर स्थापित किया।

अपने भावपूर्ण संबोधन में श्री गुप्ता ने जीवन दर्शन का सार प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा, “ज्ञान अर्जित करने की कोई वय-सीमा नहीं होती। प्रत्येक व्यक्ति, प्रत्येक परिस्थिति हमें कुछ न कुछ सिखाती है।” कर्मनिष्ठा का मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि कर्तव्य के प्रति सजगता, अथक परिश्रम और निष्कलंक ईमानदारी ही सफलता की सच्ची कुंजी है।

जैसे ही कर्मचारियों और शुभचिंतकों ने उन्हें पुष्प-मालाओं के भार से सम्मानित किया, समूचा परिसर करतल ध्वनि से गूंजायमान हो उठा। इस मार्मिक क्षण में कई कर्मचारियों के नेत्र सजल हो उठे। भावनाओं के इस ज्वार में उन्होंने सभी को धैर्य बंधाते हुए कहा, “स्थानांतरण तो सेवाकाल का एक अंग मात्र है, परंतु आत्मीयता के जो सेतु हमने यहां निर्मित किए हैं, वे शाश्वत हैं। रिश्तों का अवसान कभी नहीं होता।” उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे काल और दूरी से परे, बिसौली शाखा परिवार के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे।

एक अधिकारी का औपचारिक रूप से प्रस्थान अवश्य हुआ, किंतु अपनी सौम्य कार्यशैली और मानवीय व्यवहार से जन-मानस के हृदय-पटल पर अमिट हस्ताक्षर करने वाले सोनू कुमार गुप्ता की स्मृतियां बैंक ऑफ बड़ौदा, बिसौली शाखा के कण-कण में दीर्घकाल तक स्पंदित होती रहेंगी।

इस अवसर पर कनिष्ठ प्रबंधक नवनीत कुमार, हेड कैशियर दीपक सिंह, प्रभाकर शर्मा, वागीश, उमेश कुमार, एडवोकेट मुकेश शंखधार, पवन कुमार सिंह, सुरेंद्र शर्मा, वैभव पाठक, अजय पाल समेत नगर के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस