8:59 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

GST 2.0 से व्यापारियों और आम जनता को बड़ी राहत, वजीरगंज में व्यापारी संवाद कार्यक्रम में गूंजे कर सुधार के मुद्दे

बदायूं

GST 2.0 से व्यापारियों और आम जनता को बड़ी राहत, वजीरगंज में व्यापारी संवाद कार्यक्रम में गूंजे कर सुधार के मुद्दे

बदायूं। राज्य कर विभाग द्वारा वजीरगंज स्थित वार्ष्णेय धर्मशाला में आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में सैकड़ों व्यापारियों ने भाग लेकर जीएसटी से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं और अपनी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने जीएसटी 2.0 सुधारों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा आम जनता और व्यापारियों को राहत देने के उद्देश्य से कई दैनिक एवं आवश्यक वस्तुओं को करमुक्त किया गया है तथा कई वस्तुओं पर कर दरों में कमी की गई है।
अधिकारियों ने कहा कि “जीएसटी 2.0 सुधार : सम जीवन का आधार” अभियान के अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में महत्वपूर्ण कर राहतें दी गई हैं। शिक्षा से जुड़ी आवश्यक वस्तुओं को करमुक्त किया गया है, वहीं जीवनरक्षक दवाओं पर कर समाप्त कर आम लोगों को राहत पहुंचाई गई है। स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा सेवाओं पर लगने वाले कर को हटाने की भी जानकारी दी गई।
कृषि क्षेत्र में किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कृषि उपकरणों और उर्वरकों पर कर दरों में कमी अथवा छूट प्रदान की गई है। वहीं ऑटोमोबाइल सेक्टर में कर कटौती से वाहनों और उनके कलपुर्जों की कीमतों में कमी आने का दावा किया गया, जिससे उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने कर संबंधी विभिन्न समस्याएं और सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे। विभागीय अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की जायज समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा तथा विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त विजय कुमार सोनी, डॉ. संजीव पाठक, सहायक आयुक्त दिव्य प्रकाश सिसोदिया, आकांक्षा पांडे, मोहम्मद जीशान तथा राज्य कर अधिकारी अनिल कुमार शर्मा सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से दीपांशु अग्रवाल, सुनील कुमार अग्रवाल, कैलाश चंद्र अग्रवाल, कोकेश वार्ष्णेय, गोपेश वार्ष्णेय, सुमित कुमार गुप्ता, अंकित वार्ष्णेय, सुयश वार्ष्णेय तथा अधिवक्ता सुमित वार्ष्णेय सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को नवीन कर सुधारों की जानकारी देना तथा उनकी समस्याओं का समाधान कर व्यापारिक वातावरण को और अधिक सुगम बनाना रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस