पुलिस भर्ती की भीड़ से हांफा बदायूं: ट्रेनों में घुसने को मारामारी, AC से स्लीपर तक फुल, रिजर्वेशन वाले भी खड़े।
बदांयू 9 जून।
बदायूं में सोमवार को पुलिस भर्ती परीक्षा के बाद रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों का सैलाब उमड़ पड़ा। हालत ये रही कि मथुरा , कासगंज और बरेली रूट की ट्रेनों के AC से लेकर स्लीपर कोच तक खचाखच भर गए। रिजर्व टिकट वालों को भी सीट नसीब नहीं हुई, नोकझोंक और धक्का-मुक्की आम रही।
तीन दिन चलने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा के पहले दिन बदायूं में हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए। दोपहर बाद पेपर छूटते ही स्टेशन पर भगदड़ जैसा माहौल बन गया। सामने जो ट्रेन दिखी, अभ्यर्थी उसमें टूट पड़े।
बरेली, कासगंज पैसेंजर जैसी ट्रेनों के कोच में पैर रखने की जगह नहीं बची। कई अभ्यर्थी तो टॉयलेट में बैठकर सफर करने को मजबूर हुए। जिन यात्रियों ने महीने भर पहले एक्सप्रेस ट्रेन में रिजर्वेशन कराया था, वो भी अपनी सीट के लिए RPF से गुहार लगाते दिखे।
प्लेटफॉर्म से लेकर सर्कुलेटिंग एरिया तक RPF और GRP के जवान भीड़ कंट्रोल करते रहे, मगर अभ्यर्थियों के रेला के आगे स्टेशन की सारी तैयारी फेल नजर आई। रात तक कासगंज, फर्रूखाबाद , बरेली, टनकपुर,मथुरा रूट की ट्रेनों में यही हाल रहा।



रेलवे ने परीक्षा के लिए 2 स्पेशल ट्रेनें चलाई थीं, मगर वो भी सामान्य कोच वाली मेमू रेक थीं। छोटे-बड़े हर स्टेशन पर रुकने के कारण उनमें भी तिल रखने की जगह नहीं बची। बदायूं स्टेशन पर बनाए गए हेल्प डेस्क पर कर्मचारी पूरी रात अभ्यर्थियों को ट्रेनों की जानकारी देते रहे।
रेलवे स्टेशन के अलावा रोडवेज बस स्टैंड पर भी यही मंजर था। परीक्षा छूटते ही बसों में सीट के लिए मारामारी शुरू हो गई। आधा किराया होने के कारण ज्यादातर अभ्यर्थी बसों की तरफ भागे, लेकिन वहां भी भीड़ के आगे बसें कम पड़ गईं।
जनसंपर्क अधिकारी के मुताबिक भीड़ को देखते हुए बदायूं समेत सभी स्टेशनों पर 24 घंटे हेल्पडेस्क चलाए जा रहे हैं। लेकिन जमीनी हकीकत ये रही कि इंतजाम भीड़ के आगे बौने। साबित हुए



—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

