बदायूं
वायरल वीडियो की जांच और कार्रवाई की मांग, बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने थाना फैजगंज बेहटा में सौंपा ज्ञापन
बदायूं। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर बजरंग दल एवं विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को बजरंग दल बिसौली के कार्यकर्ताओं ने थाना फैजगंज बेहटा पहुंचकर थाना प्रभारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
शिकायतकर्ता शुभम पुत्र राजीव कुमार शर्मा, जो विश्व हिंदू परिषद में जिला मंत्री पद पर कार्यरत हैं, ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से गाय के मांस को तौलते हुए दिखाया गया है। वीडियो में कुछ लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं तथा बड़ी मात्रा में मांस रखे होने का दावा किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार वीडियो को देखकर हिंदू समाज में भारी रोष है।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि वायरल वीडियो की सत्यता की गहन जांच कराई जाए तथा यदि मामले में किसी प्रकार का गोवंश वध या अन्य अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शुभम पराशरी, विभोर शर्मा, अरविंद अग्रवाल, लोकेश, अमरजीत, अंकित, सोनू, अक्षय, शंकर, दक्ष, अमर, पुष्पेंद्र, आकाश, अर्पित गुप्ता एवं पारस सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बजरंग दल कार्यकर्ताओं का कहना है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस संवेदनशील मामले में प्रशासन निष्पक्ष जांच कर जल्द कार्रवाई करे, जिससे क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

