महारुद्र यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद विशाल भंडारे का आयोजन
वजीरगंज (बदायूं)
वजीरगंज क्षेत्र के ग्राम अमरोली स्थित पावन धाम शांतिकुंज शिव आश्रम में आयोजित सात दिवसीय महारुद्र यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य एवं भक्तिमय समापन रविवार को पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ संपन्न हुआ। यह दिव्य आयोजन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और आस्था के साथ आयोजित किया गया।
सात दिनों तक चले इस आध्यात्मिक महोत्सव में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ परिक्रमा कर पुष्प अर्पित किए तथा आरती में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। बनारस से पधारे विद्वान आचार्य नितेश शास्त्री जी के सान्निध्य में यजमानों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ महारुद्र यज्ञ संपन्न कराया और क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
वहीं आचार्य सुखदेव शर्मा जी द्वारा संगीतमय एवं भावपूर्ण श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर हो गए। कथा पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भगवान की महिमा का रसपान करते रहे।
रविवार को विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ महारुद्र यज्ञ की पूर्णाहुति दिलवाई गई। पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र भर से आए हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर धर्मलाभ प्राप्त किया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

