5:59 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

एटीएम पर शातिर ठग की चाल नाकाम, कार्ड बदलकर ठगी करने वाला युवक लोगों के हत्थे चढ़ा

बदायूं

एटीएम पर शातिर ठग की चाल नाकाम, कार्ड बदलकर ठगी करने वाला युवक लोगों के हत्थे चढ़ा

केशव गुप्ता

बिसौली। नगर में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने की कोशिश कर रहे एक शातिर युवक को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी की हरकत पर संदेह होने के बाद पीड़ित ने उसका पीछा किया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे दबोच लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
बताया जाता है कि एक व्यक्ति एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद युवक ने मदद के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। कुछ ही देर बाद पीड़ित को अपने कार्ड के बदले दूसरा कार्ड होने का शक हुआ तो उसने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी वहां से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पीड़ित ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया, जिसके बाद आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पकड़े गए युवक के साथ अन्य साथी भी मौजूद थे, जो मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। लोगों का आरोप है कि आरोपी संगठित तरीके से एटीएम कार्ड बदलकर खातों से रकम निकालने की वारदातों को अंजाम देते हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस उसके साथियों की तलाश में जुट गई है तथा उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह पहले भी ऐसी घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है और एटीएम केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस