5:08 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

मेंथा टैंक हादसे पर सियासत गरमाई: कांग्रेस ने उठाई मुआवजे की मांग

बदायूं

मेंथा टैंक हादसे पर सियासत गरमाई: कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से मिलकर उठाई मुआवजे की मांग

केशव गुप्ता

बदायूँ। बिसौली तहसील के सुरैनी पापड़ी गांव में मेंथा टैंक की सफाई के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर दो सगे भाइयों की हुई दर्दनाक मौत के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव पार्टी पदाधिकारियों के साथ गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
गांव पहुंचकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मृतक जयवीर यादव और राजेश यादव के परिजनों से मुलाकात की तथा हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि परिवार ने एक ही दिन में अपने दो जवान बेटों को खो दिया, जबकि तीसरा बेटा मनवीर यादव अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। ऐसे कठिन समय में सरकार और प्रशासन को पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
अजीत यादव ने बिसौली एसडीएम से फोन पर वार्ता कर मृतकों के आश्रितों को तत्काल आर्थिक सहायता, कृषक दुर्घटना बीमा, पारिवारिक लाभ योजना, विधवा पेंशन तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से मदद दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों को स्वयं गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मृतक जयवीर यादव के मासूम बच्चों से भी मुलाकात की। परिवार की स्थिति देखकर कांग्रेस नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह हादसा केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की त्रासदी है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
उन्होंने कहा कि मेंथा टैंकों की सफाई के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी अक्सर जानलेवा साबित होती है। सरकार और प्रशासन को मेंथा कारोबारियों तथा मजदूरों के लिए विशेष प्रशिक्षण अभियान चलाकर सुरक्षा संबंधी जागरूकता बढ़ानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि इतने बड़े हादसे के बाद भी अब तक सरकार की ओर से किसी विशेष राहत या मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को न्याय और आर्थिक सहायता दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
इस मौके पर कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष सुशीला कोरी, बफाती मियां, जिला सचिव राजीव पटेल, सुरेंद्र सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस