3:25 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सिपाही पर अभद्रता, धमकी और रिश्वत मांगने का आरोप, थाने पर बजरंग दल का हंगामा

बदायूं

सिपाही पर अभद्रता, धमकी और रिश्वत मांगने का आरोप, थाने पर बजरंग दल का हंगामा

केशव गुप्ता

फैजगंज बेहटा (बदायूं)
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में तैनात एक सिपाही पर अभद्र व्यवहार, धमकी देने और कार्रवाई के नाम पर रुपये तथा शराब मांगने के गंभीर आरोप लगने के बाद सोमवार को थाने पर जमकर हंगामा हुआ। मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपी सिपाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
आसफपुर विकास खंड के ग्राम दूंदपुर निवासी सोनू कुमार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि गांव के साप्ताहिक पशु निराश्रय केंद्र में गोवंश छोड़े जाने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई गई थी। शिकायत की जांच के दौरान चौकी पर तैनात सिपाही अंशुल कुमार ने उनसे अभद्र व्यवहार किया और कार्रवाई के नाम पर रुपये व शराब की मांग की।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि सिपाही ने फोन पर दबाव बनाते हुए शिकायत वापस लेने के लिए कहा और ऐसा न करने पर मानहानि का मुकदमा दर्ज कर जेल भिजवाने की धमकी दी। मामले से जुड़ी एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है, जिससे प्रकरण ने और तूल पकड़ लिया।
घटना से नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ता जिला मंत्री शुभम पाराशरी के नेतृत्व में फैजगंज बेहटा थाने पहुंचे और धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने निष्पक्ष जांच और आरोपी सिपाही के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए प्रभारी निरीक्षक को ज्ञापन सौंपा।
काफी देर तक चले प्रदर्शन के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार ने बताया कि शिकायत पत्र प्राप्त हो गया है और मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस