बदायूं
पीतवस्त्रधारी महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ आठवें महारुद्र यज्ञ का शुभारंभ
केशव गुप्ता
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में अमरोली में सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान, भागवत कथा एवं विशाल भंडारे का होगा आयोजन
वजीरगंज (बदायूं)। ग्राम अमरोली स्थित शांतिकुंज आश्रम शिव मंदिर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले आठवें महारुद्र यज्ञ का शुभारंभ रविवार को अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पीतवस्त्रधारी महिलाओं एवं कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर आस्था और भक्ति का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया।
बनारस से पधारे विद्वान आचार्य नीलेश मिश्रा ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार हवन-पूजन संपन्न कर कलश यात्रा का शुभारंभ कराया। आश्रम से निकली यह भव्य यात्रा लगभग तीन किलोमीटर दूर एमएफ हाईवे स्थित सिद्धपीठ श्री भोलानाथ धाम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की। इसके उपरांत यात्रा पुनः शांतिकुंज आश्रम पहुंची, जहां कलश पूजन सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए।
कलश यात्रा के दौरान संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं द्वारा लगाए जा रहे “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोषों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। महिलाओं, युवतियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने आयोजन को और भी दिव्य एवं भव्य बना दिया।
आयोजन समिति के अनुसार सात दिवसीय महारुद्र यज्ञ के साथ प्रतिदिन दोपहर में आचार्य सुखदेव शर्मा द्वारा श्रीमद्भागवत कथा का रसपान भी कराया जाएगा। यज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ आगामी 7 जून को इस महाआयोजन का समापन होगा।
यह समस्त धार्मिक आयोजन आश्रम के महंत श्री श्री 108 अंबिका नंदन महाराज एवं श्री दिनेश भारती महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहा है। यज्ञ के प्रधान यजमान ठाकुर अमित फौजी, कमल सिंह, संदीप प्रताप सिंह, प्रमोद गहलोत, भानु प्रताप सिंह एवं राजवीर सिंह हैं। वहीं आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने में मनोज सिंह, रामवीर सिंह, कल्लू, अनेकराम पाल, अरुण कुमार, प्रमोद सिंह, बॉबी सहित अनेक श्रद्धालु विशेष सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
धर्म, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण का यह महाआयोजन क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार कर रहा है तथा श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

