ज्येष्ठ पूर्णिमा: कछला गंगा घाट बना आस्था का महाकुंभ, उमड़े लाखों श्रद्धालु।
उझानी-बदायूं, 31 मई।
ज्येष्ठ पूर्णिमा के पुण्य पर्व पर रविवार को कछला गंगा घाट हर-हर गंगे के जयकारों से गूंज उठा। ब्रह्ममुहूर्त से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
रातभर जुटे रहे श्रद्धालु, सूर्योदय के साथ बढ़ा रेला
शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं के जत्थे कछला घाट पर डेरा डालने लगे थे। सूर्य की पहली किरण के साथ ही स्नान का क्रम तेज हो गया। श्रद्धालुओं ने स्नानोपरांत गंगा मैया को चुनरी-प्रसाद अर्पित किया, पुरोहितों से कथा-पूजन कराया और हवन-यज्ञ की पावन अग्नि में आहुतियां देकर परिवार की सुख-समृद्धि व आरोग्य की कामना की। घाट का कोना-कोना मंत्रोच्चार और शंखध्वनि से गुंजायमान रहा।
गंगा दशहरा हादसे के बाद प्रशासन अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर निगरानी
गंगा दशहरा पर कछला घाट पर हुए दुखद हादसे को देखते हुए जिला प्रशासन इस बार बेहद सतर्क रहा। भीड़ प्रबंधन से आगे बढ़कर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। घाट पर पुलिस बल, फ्लड पीएसी के जवान और प्रशिक्षित गोताखोरों की विशेष तैनाती की गई थी।
फ्लड पीएसी की टीमें नावों के जरिए लगातार गंगा की धारा में गश्त करती रहीं। संदिग्ध व जोखिम भरे स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखी गई। श्रद्धालुओं को केवल बैरिकेडिंग वाले निर्धारित व सुरक्षित स्थान पर ही स्नान की अनुमति थी। गहरे जल वाले हिस्सों में जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहा।
डीएम-एसएसपी ने किया घाटों का निरीक्षण, नाव से की अपील
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने आज दोपहर जिलाधिकारी अवनीश राय व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कछला के दोनों छोर के घाटों का गहन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने नाव में बैठकर गंगा की धारा में गश्त की और माइक के जरिए श्रद्धालुओं से गहराई वाले स्थानों पर न जाने की अपील की। डीएम ने मातहतों को निर्देश दिए कि एक भी श्रद्धालु असुरक्षित स्थान पर न जाए, यह सुनिश्चित किया जाए।
लाउडस्पीकर से गूंजती रही अपील
लाउडस्पीकरों के माध्यम से प्रशासन लगातार श्रद्धालुओं से अपील करता रहा कि वे सतर्कता बरतें और तेज बहाव वाले हिस्सों से दूर रहें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एक भी अप्रिय घटना न हो, इसके लिए समूचा प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है।
कड़े सुरक्षा प्रबंधों और भक्तों की आस्था के अद्भुत संगम के बीच कछला गंगा घाट पर ज्येष्ठ पूर्णिमा का पर्व पूरी श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में जारी है ।
राजेश वार्ष्णेय एमके







badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

